रूस से व्यापार पर कड़ा कानून लाने जा रही ट्रंप सरकार, भारत पर बढ़ सकता है दबाव

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका में ट्रंप (Trump) प्रशासन एक नए और सख्त कानून की तैयारी में है, जिसका सीधा निशाना रूस से व्यापार करने वाले देश होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्रस्तावित विधेयक को पूरा समर्थन देते हुए संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में रूस के साथ कारोबारी रिश्ते रखना किसी भी देश के लिए बेहद मुश्किल हो सकता है।

रूस के सहयोगी देशों पर लगेगा दबाव

दरअसल मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी पार्टी एक ऐसा विधेयक तैयार कर रही है, जिसमें रूस से व्यापार करने वाले देशों पर कड़े प्रतिबंध शामिल होंगे। यह कदम रूसी अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ाने और यूक्रेन युद्ध में उसके वित्तपोषण को रोकने के प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है।

ट्रंप ने कहा कि रूस के व्यापारिक साझेदार, खासकर वे देश जो रूस से कच्चा तेल और गैस खरीदते हैं, यूक्रेन युद्ध को परोक्ष रूप से वित्तपोषित करने के लिए जिम्मेदार हैं। उनके अनुसार, जब तक दुनिया रूस से ऊर्जा खरीदती रहेगी, तब तक युद्ध को चलाए रखने के लिए रूस के पास संसाधनों की कमी नहीं होगी।

Trump

कड़ा विधेयक तैयार कर रही रिपब्लिकन पार्टी

ट्रंप ने बताया कि रिपब्लिकन पार्टी एक ऐसा कानून लाने जा रही है, जिसमें रूस से किसी भी प्रकार का व्यापार करने पर गंभीर आर्थिक प्रतिबंधों का प्रावधान होगा। इस विधेयक के आने के बाद उन देशों पर दबाव बढ़ेगा जो अब भी रूसी ऊर्जा या अन्य उत्पादों पर निर्भर हैं।

अमेरिका के इस कदम से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कूटनीति दोनों पर बड़ा असर पड़ सकता है। अब दुनिया की नजर इस बात पर है कि यह विधेयक कब पेश होता है और इसका वैश्विक स्तर पर क्या प्रभाव पड़ता है।

 

Also Read: ‘क्या लालू-राबड़ी को कैद कर लिया गया है?’, BJP प्रवक्ता के ट्वीट ने बिहार में बढ़ाई सियासी हलचल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.