बरेली: नाबालिग अपहरण का मुख्य अभियुक्त 24 घंटे में गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जनपद के बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने एक गंभीर अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।

आपको बता दें कि दिनांक 16 नवंबर 2025 को, एक वादी ने थाना बिथरी चैनपुर में अपनी लगभग 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के अपहरण की सूचना दी थी। वादी ने आरोप लगाया कि अभियुक्त अर्पित यादव पुत्र राकेश यादव ने अपने परिवार के सदस्यों (मां, भाई कमल और भाभी पूजा) के साथ मिलकर उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। इस संबंध में थाना बिथरी चैनपुर में मु.अ.सं. 552/2025 धारा 137(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली, के निर्देश पर इस गंभीर अपराध के त्वरित अनावरण के लिए तत्काल एक पुलिस टीम का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अथक प्रयास, त्वरित सूचना संकलन और तकनीकी सहायता का प्रयोग किया।

मात्र 24 घंटे के अंदर, 17 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 3:05 बजे, पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्त अर्पित यादव को नाबालिग पीड़िता के साथ बिथरी पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त उस समय पीड़िता को लेकर फरार होने की फिराक में था।

पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है और उसका चिकित्सा परीक्षण कराया जा रहा है। चिकित्सा परीक्षण और अन्य विधिक कार्यवाही पूर्ण होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

गिरफ्तार अभियुक्त अर्पित यादव पुत्र राकेश यादव निवासी ग्राम भगवतीपुर राजाराम, थाना बिथरी चैनपुर, को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है। मुकदमे में नामित शेष अभियुक्तों (मां, कमल और पूजा) की गिरफ्तारी और अन्य विवेचनात्मक कार्यवाही तेजी से की जा रही है।

Also Read: सिद्धार्थनगर: ‘सुरक्षा, गुणवत्ता और पोषण’ थीम पर नवजात शिशु देखभाल सप्ताह, हेल्दी बेबी शो का आयोजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.