‘जो लोग एक बोतल खून देने में भी डर जाते हैं’, रोहिणी आचार्य ने किसको दी खुली बहस की चुनौती?

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बार फिर अपने बयानों से राजनीतिक हलचल मचा दी है। उन्होंने अपने पिता को किडनी दान करने के मुद्दे पर नाम लिए बिना अपने भाई तेजस्वी यादव और उनके सलाहकार संजय यादव पर तीखे इशारों में हमला बोला है।

यह तीखी प्रतिक्रिया रोहिणी आचार्य के उस विवाद के बाद आई है, जब कथित तौर पर उन्हें अपने भाई और उनके सलाहकार पर निशाना साधने के कारण गाली दी गई थी।

किडनी दान पर सीधा सवाल

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट के साथ ही एक पत्रकार को कॉल कर सवाल किया कि “जब किडनी देने की बात आई तो तेजस्वी सामने क्यों नहीं आए? तेजस्वी ने लालू यादव को किडनी क्यों नहीं दी?”

रोहिणी ने सवाल उठाया कि कुछ लोग लालू जी के नाम पर केवल संवेदना दिखाते हैं, लेकिन किडनी दान जैसे बड़े और जीवन बदलने वाले फैसले पर केवल टिप्पणी करने तक सीमित रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जो लोग एक बोतल खून देने में भी डर जाते हैं, वे किडनी दान पर उपदेश देने लगे हैं।”

झूठी हमदर्दी और आलोचकों को चुनौती

अपने एक्स पोस्ट में रोहिणी ने आलोचकों को सीधी चुनौती दी। रोहिणी ने लिखा कि “जो लोग लालू जी के नाम पर कुछ करना चाहते हैं, ऐसे लोगों को ‘झूठी हमदर्दी’ जताना छोड़ कर उन लाखों-करोड़ों गरीब मरीजों की मदद करनी चाहिए, जो किडनी की कमी के कारण अंतिम सांसें गिन रहे हैं… ऐसे लोग आगे आएं और लालू जी के नाम पर अपनी किडनी दान कर उदाहरण पेश करें।”

उन्होंने उन आलोचकों को भी चुनौती दी जिन्होंने एक शादीशुदा बेटी के पिता को किडनी देने के फैसले को गलत बताया था। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हिम्मत जुटाकर उनसे खुले मंच पर खुली बहस करें।

रोहिणी ने अपने बयान में कथित हरियाणवी महापुरुषों और उन्हें गाली देने वाले ट्रोलर्स को भी कटघरे में खड़ा किया, जिनसे उनका पहले भी विवाद हो चुका है। उनका यह पोस्ट आरजेडी के आंतरिक कलह को एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर ले आया है।

Also Read: कौशाम्बी में योगी सरकार की सख्ती: पूर्व विधायक और तीन पूर्व चेयरमैन समेत 7 पर केस, जानिए पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.