बिहार में एनडीए सरकार का गठन: आज चुने जाएंगे नीतीश कुमार विधायक दल के नेता, कल शपथ ग्रहण

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रचंड जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे और आज बुधवार को उन्हें एनडीए विधायक दल का नेता औपचारिक रूप से चुना जाएगा। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कल, 20 नवंबर को गांधी मैदान में आयोजित होगा।

स्पीकर पद को लेकर खींचतान जारी

एनडीए के घटक दल—जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP)—के बीच मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चेहरों और विशेष रूप से विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) पद को लेकर जोरदार खींचतान जारी है।

विधानसभा अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों में जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और भाजपा के प्रेम कुमार के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को भी दोनों दलों के बीच विधानसभा अध्यक्ष पद पर सहमति बनाने की कोशिशें जारी रहीं, क्योंकि दोनों ही दल इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर अपना दावा ठोंक रहे हैं। पिछली विधानसभा में भाजपा के नंद किशोर यादव विधानसभा अध्यक्ष थे।

भाजपा विधायक दल की बैठक आज

शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले, बिहार भाजपा की बैठक आज बुधवार को प्रदेश मुख्यालय स्थित अटल सभागार में होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल करेंगे। इस बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के नेता और उपनेता के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

इस बीच, कांग्रेस ने भी चुनाव के दौरान पार्टी-विरोधी गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के लिए मंगलवार को पूर्व मंत्री सहित 43 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Also Read: यूपी होमगार्ड भर्ती 2025: 41,424 रिक्त पदों पर ऑनलाइन आवेदन शुरू, महिलाओं को 20% आरक्षण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.