‘नाम बदला, हालात वही’, लखनऊ में दिव्यांगों का जोरदार प्रदर्शन, आत्मदाह की चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: बुधवार को पूरे उत्तर प्रदेश से 200 से अधिक दिव्यांगजन राजधानी लखनऊ पहुंचे और हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के सामने दिव्यांग महागठबंधन के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया। नौकरी और सम्मान की मांग कर रहे दिव्यांगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आत्मदाह करने को विवश होंगे।

निराशा और हताशा

दिव्यांगों ने अपनी हताशा व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनका नाम ‘विकलांग’ से बदलकर ‘दिव्यांग’ कर दिया, लेकिन उनके जीवन और आर्थिक स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।

“सरकार हमें नौकरी दे दो, हम भीख मांगकर गुज़ारा करते हैं। हमें ना रोज़गार मिल रहा है ना सम्मान मिल रहा है। हमारी स्थिति नहीं बदली है।”

कानपुर से आई अल्पना सोनकर ने कहा कि ₹1,000 की पेंशन में एक महीना गुजारना मुश्किल है, क्योंकि इतने में तो सिर्फ सिलेंडर आता है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के दावों पर भी सवाल उठाए, और पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया।

प्रमुख 27-सूत्रीय मांगें

संगठन के महासचिव वीरेंद्र कुमार ने दिव्यांगों की 27 सूत्रीय माँगे सरकार के सामने रखीं, जिनमें प्रमुख माँगे निम्नलिखित हैं।

  • सामाजिक समानता कानून बनाकर दिव्यांगों को नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, रोटी, कपड़ा और मकान की 100% गारंटी दी जाए।

  • दिव्यांगजनों की 21 श्रेणियों को देखते हुए आरक्षण कोटा 4% से बढ़ाकर 10% किया जाए।

  • उत्तर प्रदेश में दिव्यांगों की पेंशन ₹1,000 से बढ़ाकर ₹5,000 प्रतिमाह की जाए।

  • कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों को उनके गृह जनपद में तैनाती दी जाए।

  • घरों में निशुल्क मीटर लगाकर बिजली बिल में 100% छूट दी जाए।

लेखपाल भर्ती में नियुक्ति पत्र का मुद्दा

वीरेंद्र कुमार ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई दिव्यांग अभ्यर्थियों ने 2022 की लेखपाल परीक्षा पास की है, लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल रहा है। 188 सीटों पर नियुक्ति होनी है, मगर अधिकारियों द्वारा केवल गुमराह किया जा रहा है।

आत्मदाह और वोट की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह करेंगे। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रदेश के 54 लाख दिव्यांग इस बार चुनाव में अपनी वोट शक्ति से सरकार को हिला देंगे।

Also Read: Lucknow News: भूमाफिया से परेशान मां-बेटे ने मंत्री आवास के पास खाया सल्फास, हालत नाजुक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.