सपा कार्यकर्ताओं का लखनऊ-नोएडा में उग्र प्रदर्शन, ‘गांधारी के श्राप’ की टिप्पणी से मचा हंगामा

Sandesh Wahak Digital Desk: बुधवार को राजधानी लखनऊ में राजनीतिक पारा उस समय गरमा गया, जब समाजवादी पार्टी (SP) छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने एक निजी पत्रिका में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके परिवार पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

‘गांधारी के श्राप’ पर विवाद

यह पूरा विवाद एक प्रसिद्ध मीडिया ग्रुप की कवर स्टोरी को लेकर शुरू हुआ है।  एक पत्रिका की कवर स्टोरी में महाभारत के एक प्रसंग का सहारा लेते हुए ‘गांधारी के श्राप’ का ज़िक्र किया। स्टोरी में दावा किया गया कि जिस तरह गांधारी ने भगवान कृष्ण को श्राप दिया था कि यदुवंश आपसी लड़ाई के चलते नष्ट हो जाएगा, उसी श्राप का असर मुलायम सिंह यादव के परिवार पर भी है। पत्रिका में टिप्पणी की गई कि इसी कारण यादव परिवार में जमकर कलह है और उनकी राजनीति पतन की ओर है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस पौराणिक संदर्भ को राजनीतिक संदर्भों से जोड़ना गलत और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसे पार्टी नेतृत्व का अपमान माना।

हजरतगंज से नोएडा तक विरोध

अपमानजनक टिप्पणी से आक्रोशित होकर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर ‘हल्ला बोल’ किया। कार्यकर्ताओं ने पत्रिका को जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और मीडिया ग्रुप के खिलाफ ज़ोरदार नारेबाजी की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रदर्शन कर रहे सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया। विरोध की आग लखनऊ तक ही सीमित नहीं रही। नोएडा की फिल्म सिटी, जहां मीडिया ग्रुप का दफ्तर स्थित है, वहां भी सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में यूपी पुलिस तैनात कर दी गई है।

अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पत्रिका की टिप्पणी के विरोध में दो ट्वीट किए हैं, जिससे उनके कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को उनका स्पष्ट समर्थन दिखाई देता है। इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक परिवारों पर निजी टिप्पणी की नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: ‘नाम बदला, हालात वही’, लखनऊ में दिव्यांगों का जोरदार प्रदर्शन, आत्मदाह की चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.