Jalaun News:दो दरोगा समेत 7 पर हत्या का मुकदमा, जानिए क्या है पूरा मामला?

Sandesh Wahak Digital Desk: जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के दाढ़ी गांव में मां और दो मासूम बेटियों की जलकर मौत के मामले ने एक सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। जिसे पहले कथित आत्मदाह माना जा रहा था, अब मृतका के पिता ने उसे योजनाबद्ध हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष के सात लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।

हत्या का मुकदमा और नामजद आरोपी

गुरुवार शाम को मृतका आरती के पिता रामचंद्र ने कोंच कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या (बीएनएस की संबंधित धाराओं) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मृतका: आरती, बड़ी बेटी पीहू, और छोटी बेटी सृष्टि।

आरोपी: कुल 7 लोग, जिनमें पति देवेंद्र कुमार, दो देवर (पवन – दरोगा गाजियाबाद, जितेंद्र – दरोगा आगरा), सास केशकली, ससुर घनश्याम, ननद अन्नू और ननदोई अजय शामिल हैं।

पिता के गंभीर आरोप

रामचंद्र ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी (आरती) का विवाह 2017 में हुआ था, लेकिन ससुरालीजन अतिरिक्त एक लाख रुपये दहेज की मांग करते हुए लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

उनका आरोप है कि लड़का न होने पर आरती को ताने दिए जाते थे और मारपीट की जाती थी। तहरीर में दावा किया गया है कि 17 नवंबर की सुबह 4:30 से 5 बजे के बीच सभी आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से आरती और दोनों बच्चियों पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे तीनों की मौत हो गई।

घटना के बाद किसी भी ससुरालीजन का अस्पताल न पहुंचना भी संदेह को गहरा करता है। यह दर्दनाक घटना सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे दाढ़ी गांव में हुई थी। मां आरती और बड़ी बेटी पीहू की मौत अस्पताल पहुंचने पर हो गई। गंभीर रूप से घायल छोटी बेटी सृष्टि को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के समय आरती का पति और अन्य पुरुष सदस्य देवर जितेंद्र की शादी के भोजन के लिए कोंच मंडी में सब्जी लेने गए हुए थे।

कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और घटनास्थल का मुआयना किया जा रहा है। जाँच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: लखनऊ में BJP विधायक ने महिगवां थाना घेरा, ‘फर्जी चालान और भ्रष्टाचार’ के आरोप पर SI-सिपाही लाइन हाजिर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.