सिद्धार्थनगर में यातायात पुलिस का सघन अभियान, 2.61 लाख का वसूला जुर्माना
Sandesh Wahak Digital Desk: यातायात माह के दौरान सिद्धार्थनगर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से जिले भर में जागरूकता और प्रवर्तन का सघन अभियान चलाया है। प्रभारी यातायात अमरीश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई, जिसके तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना वसूला गया।
प्रभारी यातायात अमरीश कुमार यादव ने कहा, “यातायात नियमों का पालन कर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भारी कमी लायी जा सकती है।”
जागरूकता और प्रवर्तन की बड़ी कार्रवाई
यातायात पुलिस टीम ने हाईडिल तिराहा, सिद्धार्थ तिराहा, स्वामी विवेकानंद चौक, कस्बा बाँसी और बाँसी रोडवेज जैसे प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया। पीए सिस्टम से आम जनता को जागरूक किया गया और साथ ही पम्फलेट्स का वितरण किया गया। कोहरे में दुर्घटना से बचाव के लिए कई वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप/स्टिकर लगाए गए। कस्बा बांसी में दुर्घटनाओं के खतरे को कम करने के लिए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। रतनसेन इंटर कॉलेज के बच्चों को जागरूक करते हुए पम्फलेट्स बांटे गए।
सघन चेकिंग और जुर्माना
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act) के तहत प्रवर्तन की कार्रवाई की। दोपहिया पर तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाना, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, और सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। कुल 242 चालान किए गए और ₹2,61,500/- (दो लाख इकसठ हजार पांच सौ रुपये) का शमन शुल्क वसूला गया। प्रभारी यातायात अमरीश कुमार यादव ने सभी नागरिकों से प्रत्येक दशा में यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भारी कमी लाई जा सके।
रिपोर्ट: जाकिर खान

