अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर कार 60 मीटर नीचे शिप्रा नदी में गिरी, 3 शिक्षकों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर शनिवार शाम एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रातीघाट इलाके में एक कार करीब 60 मीटर नीचे शिप्रा नदी में जा गिरी, जिसमें गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन, हल्द्वानी ब्लॉक के अध्यक्ष समेत तीन शिक्षकों की मौत हो गई है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि हादसे में एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, चार शिक्षक जिनमें हल्द्वानी में गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन के ब्लॉक प्रेसिडेंट मनोज कुमार और संजय सिंह बिष्ट (50) शामिल थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। यह दुर्घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे हुई, जब रातीघाट के पास मोड़ पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह बेकाबू होकर गहरी शिप्रा नदी में गिर गई।
स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू
हादसे को देखकर एक बच्चे ने तुरंत स्थानीय निवासी तारा सिंह बिष्ट को जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को सूचित किया। तारा सिंह और भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट सबसे पहले मौके पर पहुँचे। बचावकर्मियों ने स्थानीय लोगों, पुलिस टीम और एसडीआरएफ (SDRF) के साथ मिलकर कार से संजय और मनोज को बाहर निकाला। लेकिन गाड़ी के अंदर फँसे दो और शिक्षक, सुरेंद्र भंडारी और पुष्कर भैंसोड़ा, मौके पर ही मृत घोषित कर दिए गए। संजय की सीएचसी खैरना में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनोज को हल्द्वानी रेफर किया गया।
Also Read: Lucknow News: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अत्याधुनिक सुविधाओं वाले ब्लड बैंक का किया भूमि पूजन

