पेशावर में पैरामिलिट्री हेडक्वार्टर पर आत्मघाती हमला, गेट पर धमाका और गोलीबारी, FC के तीन जवान शहीद

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत रविवार सुबह धमाकों की आवाज से दहल उठा। राजधानी पेशावर में पैरामिलिट्री फोर्स (फ्रंटियर कांस्टेबुलरी- FC) के मुख्यालय पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले में एफसी के तीन जवान शहीद हो गए हैं, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हमला सुबह 8 बजे सद्दार-कोहाट रोड पर स्थित एफसी हेडक्वार्टर के गेट पर हुआ।

आत्मघाती धमाके के बाद घुसपैठ की कोशिश

सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि हमलावरों ने सबसे पहले एफसी हेडक्वार्टर के गेट पर आत्मघाती हमला किया। इस ब्लास्ट के बाद, हमलावरों ने बिल्डिंग में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में सभी हमलावर मारे गए। इस घटना में एफसी के तीन लोग मारे गए, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

पेशावर कैपिटल सिटी के पुलिस ऑफिसर डॉ. मियां सईद अहमद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, एफसी हेडक्वार्टर पर हमला हुआ है। हम जवाब दे रहे हैं और इलाके को घेर लिया गया है। यह हेडक्वार्टर एक भीड़भाड़ वाले इलाके में, मिलिट्री कैंटोनमेंट के पास स्थित है।

पाकिस्तान में, विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा (KP) और बलूचिस्तान में, हाल के दिनों में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है। इससे पहले, नवंबर में ही इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 12 लोग मारे गए थे और कम से कम 27 घायल हुए थे। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इसे सुसाइड ब्लास्ट बताया था।

Also Read: Jaunpur News: 57 करोड़ का कफ सिरप घोटाला उजागर, 12 मेडिकल कंपनियों पर फर्जीवाड़े का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.