फिल्म धुरंधर की रिलीज रोकने की मांग, शहीद मेजर मोहित शर्मा के परिवार ने दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की याचिका
Sandesh Wahak Digital Desk: लेखक और निर्देशक आदित्य धर की आगामी फिल्म ‘धुरंधर’ अपनी 5 दिसंबर की रिलीज से पहले ही एक बड़े कानूनी पचड़े में फंस गई है। अशोक चक्र अवार्डी शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
परिवार का कहना है कि यह फिल्म उनके बेटे की जिंदगी से प्रभावित लगती है, लेकिन इसे बनाने से पहले फिल्म प्रोड्यूसर्स ने परिवार से कोई परमिशन नहीं ली है। याचिका में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सेंसर बोर्ड, भारतीय सेना और फिल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर को पक्षकार बनाया गया है।
दरअसल, ‘धुरंधर’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार यह चर्चा हो रही थी कि फिल्म की कहानी मेजर मोहित शर्मा के जीवन से प्रेरित है। इसके जवाब में 26 नवंबर को निर्देशक आदित्य धर ने एक आधिकारिक बयान जारी किया था।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा था कि हमारी फिल्म धुरंधर बहादुर मेजर मोहित शर्मा के जीवन पर आधारित नहीं है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि अगर हम भविष्य में मोहित सर पर बायोपिक बनाते हैं तो इसे पूरी सहमति और परिवार के साथ पूर्ण परामर्श से करेंगे।

रणवीर सिंह के किरदार पर सस्पेंस
‘धुरंधर’ के ट्रेलर में अन्य किरदारों जैसे आर. माधवन (अजीत डोभाल), अर्जुन रामपाल (इलियास कश्मीरी) और संजय दत्त (एसपी चौधरी असलम) के किरदार के बारे में मेकर्स ने बात की है, लेकिन रणवीर सिंह के किरदार पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है।
Also Read: पतंजलि का घी जांच में फेल: फूड सेफ्टी मानकों पर नहीं उतरा खरा, 1.40 लाख का जुर्माना

