दिल्ली ब्लास्ट: NIA ने डॉक्टर मॉड्यूल के 7वें आरोपी को दबोचा, पुलिस ने विदेश से पढ़कर आए डॉक्टरों की मांगी डिटेल
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में हुए कार बम ब्लास्ट मामले की जाँच में तेज़ी आ गई है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आतंकी हमले को अंजाम देने वाले डॉक्टर मॉड्यूल से जुड़े 7वें आरोपी शोयब को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर 10 दिन की रिमांड पर लिया है। इसी बीच, सुरक्षा के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए शहर के सभी निजी अस्पतालों को नोटिस जारी किया है।
दिल्ली पुलिस ने सभी निजी अस्पतालों से उन डॉक्टरों की विस्तृत जानकारी मांगी है, जिन्होंने विदेश से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है और वर्तमान में दिल्ली में प्रैक्टिस कर रहे हैं। पुलिस ने खासतौर पर पाकिस्तान, बांग्लादेश, यूएई और चीन से एमबीबीएस करने वाले डॉक्टर्स के बारे में जानकारी माँगी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सुरक्षा के मद्देनज़र उठाया गया है। अस्पताल प्रशासन को अपने यहाँ काम कर रहे विदेश से प्रशिक्षित डॉक्टरों की डिटेल पुलिस को उपलब्ध करानी होगी।
आतंकी उमर उन नबी का मददगार था शोयब
NIA ने आरोपी शोयब को फरीदाबाद से गिरफ्तार करने के बाद पाटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहाँ उसे 10 दिन की रिमांड मिली। NIA के मुताबिक, शोयब ने सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर मोहम्मद (जिसे उमर उन नबी के नाम से भी जाना जाता है) को विस्फोट से ठीक पहले आश्रय दिया था और विस्फोट की योजना को अंजाम देने में ज़रूरी लॉजिस्टिक सपोर्ट भी प्रदान किया था। मामले में गिरफ्तार एक और आरोपी आमिर राशिद अली की कस्टडी को भी कोर्ट ने 7 दिन और बढ़ा दिया है।
Also Read: Kushinagar News: रहस्यमय बुखार से 48 घंटे के अंदर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत

