पुतिन के दौरे से पहले कांग्रेस का बड़ा आरोप, राहुल बोले- विदेशी मेहमानों को विपक्ष से मिलने से रोक रही है केंद्र सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे से ठीक पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर विदेश नीति को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि सरकार जानबूझकर विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को विपक्ष के नेताओं, खासकर नेता प्रतिपक्ष से, मिलने से रोक रही है।

राहुल गांधी ने परंपरा का दिया हवाला

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जो भी बाहर से आते हैं, उनकी नेता प्रतिपक्ष के साथ बैठक होती है, यह परंपरा रही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि आजकल ऐसा होता है कि विदेशी गणमान्य व्यक्ति आते हैं या जब मैं कहीं बाहर जाता हूँ, तो सरकार उनको सुझाव देती है कि नेता प्रतिपक्ष से नहीं मिलना चाहिए।

राहुल गांधी ने ज़ोर देकर कहा कि यह सरकार की नीति है। उन्होंने स्पष्ट किया, हम भी हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व करते हैं, सिर्फ सरकार प्रतिनिधित्व नहीं करती है। सरकार नहीं चाहती कि विपक्ष के लोग बाहर के लोगों से मिलें।

प्रियंका गांधी ने कहा- यह आवाज़ दबाने की कोशिश

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी राहुल गांधी की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा, यह प्रोटोकॉल होता है कि कोई भी विदेशी गणमान्य व्यक्ति नेता प्रतिपक्ष से मिलते हैं, लेकिन इस प्रोटोकॉल का उल्टा होता है।

प्रियंका गांधी ने इसे सरकार की तानाशाही वाली नीति बताया। उन्होंने कहा, इस सरकार की सभी नीतियां इसी आधार पर हैं। वो किसी और आवाज़ को उठने नहीं देना चाहते हैं और किसी और का पक्ष नहीं सुनना चाहते। वो प्रोटोकॉल को तोड़ रहे हैं।

Also Read: अमेरिका में बड़े हमले की साज़िश नाकाम, पाकिस्तानी मूल का युवक मास शूटिंग की योजना में गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.