यूपी में खुलेगा पहला Apple स्टोर, नोएडा के DLF मॉल ऑफ इंडिया में कल होगी ग्रैंड ओपनिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: टेक्नोलॉजी की दुनिया की दिग्गज कंपनी एप्पल (Apple) उत्तर प्रदेश के ग्राहकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। एप्पल 11 दिसंबर को नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में अपना पहला आधिकारिक रिटेल स्टोर खोलने जा रही है। यह स्टोर न केवल उत्तर प्रदेश में एप्पल का पहला, बल्कि पूरे भारत में कंपनी का कुल पाँचवाँ स्टोर होगा। इससे पहले एप्पल मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे जैसे प्रमुख शहरों में अपने स्टोर खोल चुकी है।
ग्राहकों को मिलेंगी ये खास प्रीमियम सुविधाएं
एप्पल ने इस स्टोर को प्रीमियम अनुभव, बेहतरीन सेवा और कम्युनिटी स्पेस के रूप में डिजाइन किया है। स्टोर खुलने के पहले ही दिन से 80 से अधिक प्रशिक्षित एक्सपर्ट मौजूद रहेंगे, जो ग्राहकों को एप्पल के सभी डिवाइस आईफोन, एप्पल वॉच, आईपैड और मैक के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।
स्टोर पर मिलने वाली मुख्य सेवाएं
डिवाइस को कस्टम सेटअप कराना।
एंड्रॉयड से iOS में आसानी से स्विच करने में मदद।
Apple Trade-In के जरिए पुराने डिवाइस एक्सचेंज करने की सुविधा।
आसान EMI की सुविधा।
एप्पल का लक्ष्य है कि यह स्टोर केवल खरीदारी का स्थान न होकर, एक ऐसा क्रिएटिव स्पेस भी बने जहाँ लोग सीख सकें, प्रयोग कर सकें और नए आइडिया बना सकें।
डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में स्थित यह स्टोर 8,240.78 वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एप्पल ने इसे 11 साल की लीज पर लिया है, जिसकी डील भारत के रिटेल सेक्टर की सबसे हाई-प्रोफाइल डील्स में से एक मानी जा रही है।
Also Read: बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की टक्कर के बाद लगी आग, तीन की जिंदा जलकर मौत

