UP News: कोडिनयुक्त कफ सिरप के अवैध डायवर्जन पर सबसे बड़ा क्रैकडाउन, 31 जिलों में 133 फर्मों पर FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत, उत्तर प्रदेश में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ एक अभूतपूर्व और कठोर कार्रवाई शुरू की गई है। फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) ने कोडिनयुक्त कफ सिरप और नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ देश का सबसे बड़ा क्रैकडाउन किया है।

Roshan Jacob

महीनों की तैयारी और अंतर्राज्यीय जांच

FSDA सचिव और आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यह कार्रवाई केवल लाइसेंस रद्द करने तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे देश के लिए एक नजीर बने। इसलिए, विभाग ने इस क्रैकडाउन को शुरू करने से पहले महीनों तक गहन जांच की।

विभाग ने झारखंड, हरियाणा और हिमाचल जैसे राज्यों में विवेचना की और उत्तर प्रदेश के सुपर स्टॉकिस्ट और होलसेलर के साथ उनके कारोबारी रिश्तों के पुख्ता सबूत जुटाए। इस कार्रवाई का उद्देश्य युवाओं का जीवन बर्बाद करने वाले अवैध नशे के सौदागरों के मकड़जाल को पूरी तरह से ध्वस्त करना है।

ऑपरेशन का व्यापक विवरण

60 दिनों में प्रदेश के 52 जिलों की 332 फर्मों पर छापेमारी की गई। 31 जिलों में 133 फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, और आधा दर्जन से अधिक संचालकों को जेल भेजा जा चुका है।

CM Yogi Adityanath

सीएम योगी के निर्देश पर पहली बार कोडिनयुक्त कफ सिरप का अवैध डायवर्जन करने वालों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) और बीएनएस (BNS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिससे कार्रवाई की गंभीरता बढ़ी है। सभी संबंधित जिलाधिकारियों को दोषियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।

जांच में पाया गया कि ये औषधियां संगठित रूप से गैर-चिकित्सकीय उपयोग के लिए अवैध रूप से भेजी जा रही थीं। मुख्य रूप से लखनऊ, कानपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच के जरिए नेपाल और वाराणसी, गाजियाबाद से बांग्लादेश में इनकी तस्करी की जा रही थी।

डॉ. रोशन जैकब ने जोर दिया कि यह कार्रवाई सुनिश्चित करेगी कि प्रदेश से किसी भी अन्य राज्य या देश में नशे के रूप में दवाओं का डायवर्जन न हो।

प्रभावित जिले

कोडिनयुक्त कफ सिरप की नशे के रूप में तस्करी के मामले 31 जिलों में सामने आए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से वाराणसी, कानपुर नगर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, प्रयागराज, गाजीपुर, सीतापुर, सोनभद्र, बलरामपुर शामिल हैं।

Also Read: लखनऊ: NDPS एक्ट में वांछित, कोडीन सीरप के अवैध तस्कर सूरज मिश्रा और प्रीतम सिंह गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.