Lionel Messi India Tour: फैंस को वापस मिलेगा पूरा पैसा, आयोजक ने मानी गलती

Sandesh Wahak Digital Desk: कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित लियोनल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे पर आयोजकों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।

पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने पुष्टि की है कि ‘GOAT इंडिया टूर’ के आयोजकों ने लिखित रूप से आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम से जुड़े सभी प्रभावित दर्शकों को उनकी टिकट की पूरी राशि वापस की जाएगी।

दरअसल, लियोनल मेसी के स्टेडियम पहुंचते ही भारी सुरक्षा व्यवस्था के चलते फैंस को उनकी एक झलक तक नहीं मिल सकी।

इसके कुछ ही देर बाद मेसी मैदान से बाहर चले गए, जिससे स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस भड़क उठे। गुस्साए दर्शकों ने बोतलें और अन्य वस्तुएं मैदान में फेंकनी शुरू कर दीं और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।

Lionel Messi

डीजीपी राजीव कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मामले में मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा,

“इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयोजकों ने लिखित में आश्वासन दिया है कि फैंस को पूरा पैसा वापस किया जाएगा।”

डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि बड़ी संख्या में दर्शक यह उम्मीद लेकर पहुंचे थे कि लियोनल मेसी मैदान पर खेलते नजर आएंगे, लेकिन कार्यक्रम वैसा नहीं हो सका। इसी निराशा के चलते हालात बिगड़ गए।

बताया गया है कि मेसी जब स्टेडियम पहुंचे, तब उनके चारों ओर करीब 70–80 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिनमें पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री अनूप बिस्वास भी शामिल थे।

मेसी के कुछ ही मिनटों में वापस लौटने के बाद फैंस का गुस्सा फूट पड़ा और कई लोग बैरिकेडिंग तोड़कर मैदान में घुस गए।

फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बहाल कर ली गई है और आयोजकों द्वारा रिफंड प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

Also Read: ICC और जियोस्टार का रिश्ता बरकरार, T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अटकलों पर लगा विराम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.