Lucknow News: जिम और कोचिंग पर लाइसेंस फीस के प्रस्ताव से भड़के कारोबारी, प्रदर्शन का ऐलान
Lucknow News: लखनऊ के व्यापारियों और नगर निगम के बीच एक बार फिर लाइसेंस शुल्क को लेकर ठन गई है। जिम, स्पा, कोचिंग और शोरूम समेत 20 अलग-अलग तरह के व्यापारों पर नया लाइसेंस शुल्क लगाने के प्रस्ताव ने शहर के कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को लखनऊ व्यापार मण्डल के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात कर अपनी नाराजगी दर्ज कराई।
मुलाकात के दौरान व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने महापौर को याद दिलाया कि पिछले साल भी जब ऐसा प्रस्ताव आया था, तब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के दखल के बाद इसे वापस ले लिया गया था। 13 सितंबर, 2024 को नगर निगम कार्यकारिणी में भी इसे न लगाने का फैसला हुआ था। व्यापारियों का गुस्सा तब और बढ़ गया जब आज के अखबारों में अपर नगर आयुक्त का बयान छपा कि ऐसा कोई प्रस्ताव सदन से पास ही नहीं हुआ है।

व्यापारियों की बात सुनकर महापौर सुषमा खर्कवाल ने तुरंत अधिकारियों को तलब किया। उन्होंने सख्त लहजे में पूछा कि जब कार्यकारिणी में कोई फैसला हो जाता है, तो उसे कैसे बदला जा सकता है? और अगर प्रस्ताव नहीं है, तो ऐसी खबरें बाहर कैसे आ रही हैं? महापौर से मुलाकात के बाद भी जब कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, तो लखनऊ व्यापार मण्डल ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।

चेयरमैन राजेन्द्र कुमार अग्रवाल और अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने संयुक्त बयान जारी कर एलान किया कि सरकार और प्रशासन के ढुलमुल रवैये के खिलाफ कल यानी 20 दिसंबर (शनिवार) को दोपहर 12 बजे नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में एक विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रस्तावित नए नियमों के तहत जिम, स्पा, कोचिंग सेंटर, शोरूम और करीब 20 अन्य ट्रेडों को भारी लाइसेंस शुल्क के दायरे में लाने की तैयारी है, जिसे व्यापारी जबरन वसूली करार दे रहे हैं।

