नीतीश कुमार के हिजाब विवाद में नया मोड़, कॉलेज प्रिंसिपल का दावा युवती जॉइन करेंगी ड्यूटी

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम युवती (डॉ. नुसरत प्रवीण) के चेहरे से हिजाब हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक ओर विपक्ष इसे महिलाओं की गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला बताकर नीतीश कुमार को घेर रहा है, वहीं अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है।

नीतीश कुमार के इस कृत्य की चौतरफा निंदा हो रही है। विपक्षी नेताओं ने इसे शर्मनाक करार दिया है। कई राज्यों में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और कुछ संगठनों ने तो मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तक की मांग कर दी है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।

विवादों के बीच, उस कॉलेज के प्रिंसिपल ने एक ऐसा दावा किया है जिसने पूरी बहस का रुख मोड़ दिया है जहाँ से डॉ. नुसरत प्रवीण ने पढ़ाई की है। पटना के सरकारी तिब्बी कॉलेज के प्रिंसिपल महफूजर रहमान ने मीडिया से बातचीत में कहा, नाराजगी की बात गलत है। प्रिंसिपल के मुताबिक, उनकी बात नुसरत की एक बैचमेट (सहपाठी) से हुई है।

बैचमेट के हवाले से उन्होंने दावा किया कि नुसरत इस घटना से बिल्कुल भी नाराज नहीं हैं। साथ ही, उन्होंने उन खबरों को भी खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि नुसरत अब अपमान के कारण नौकरी जॉइन नहीं करेंगी। प्रिंसिपल ने कहा कि वह जल्द ही अपनी ड्यूटी जॉइन करेंगी।

बता दें कि एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र या सम्मान देते समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच पर मौजूद डॉ. नुसरत प्रवीण के चेहरे से हिजाब हटा दिया था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से ही बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। जहां एक पक्ष इसे मुख्यमंत्री की सहजता या पिता समान व्यवहार बताकर बचाव कर रहा है, वहीं दूसरा पक्ष इसे किसी महिला की निजता और धार्मिक मान्यताओं का घोर उल्लंघन मान रहा है।

Also Read: Lucknow News: सहकारिता से आत्मनिर्भरता की राह, युवाओं से जुड़ने की अपील- वीरेन्द्र प्रताप सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.