वंदे मातरम अंग्रेजों को भगाने वाला मंत्र है, अखिलेश यादव के तर्क पर केशव मौर्य का पलटवार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान वंदे मातरम को लेकर छिड़ी सियासी बहस अब और तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि वह महान मंत्र है जिसने भारत की आजादी की नींव रखी थी।
मीडिया से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को इस पवित्र मंत्र पर टिप्पणी करने या उपदेश देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने इसके महत्व को समझाते हुए कहा, वंदे मातरम वह मंत्र है, जिसके जोरदार जयघोष मात्र से अंग्रेज थर-थर कांपते थे और भारत छोड़ने पर मजबूर हो गए थे। मौर्य ने आगे कहा कि यही मंत्र विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेगा, जिससे किसान समृद्ध होंगे, महिलाएं सशक्त बनेंगी और युवाओं का भविष्य संवरेगा।
सरकार की ओर से मोर्चा संभालते हुए संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने भी वंदे मातरम के गौरवशाली इतिहास को याद किया। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने फांसी के फंदे को चूमते समय भी इसी गीत को गाया था। अब अन्य राज्यों ने भी इसे अपनाया है क्योंकि यह भारत माता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। सदन में इस पर चर्चा जरूर होगी। डिप्टी सीएम मौर्य ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार ने विधानसभा के नियमों के तहत ही उचित निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष चर्चा के दौरान अनुशासन बनाए रखेगा।
Also Read: VB-G RAM G बिल के विरोध के लिए बनेगा राष्ट्रव्यापी मोर्चा: राहुल गांधी

