यूपी में सड़क हादसों का ‘ब्लैक मंडे’, 6 की मौत, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: सोमवार की सुबह प्रदेश के दो जिलों, गाजियाबाद और बिजनौर के लिए काल बनकर आई। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एनएच-9 पर बाइकों की भिड़ंत, दो ने तोड़ा दम
गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 12 बजे नेशनल हाईवे-9 (NH-9) की सर्विस रोड पर एक भीषण बाइक हादसा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार डासना निवासी रईसुद्दीन अपनी स्प्लेंडर बाइक से एक महिला के साथ जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक अवेंजर बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। अवेंजर बाइक पर तीन युवक सवार थे।
हादसे में अमन (नेपाल निवासी) और रईसुद्दीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल महिला (बेबी) और विपिन की स्थिति नाजुक बनी हुई है। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
डंपर की टक्कर से क्रेटा के उड़े परखच्चे, 4 युवकों की मौत
बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिद्वार रोड पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने क्रेटा कार को रौंद दिया। राहतपुर गांव के चार युवक सलाउद्दीन, कारी इकबाल, अशफाक और एहतशाम एक धार्मिक जलसे से लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे एक खनन डंपर ने उनकी कार में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और डंपर को कब्जे में लेने का प्रयास जारी है।
Also Read: UPPSC भर्ती 2025-26: शासन के विभिन्न विभागों में 2158 पदों पर आवेदन शुरू, जानें पूरी प्रक्रिया

