Asia Cup Final के बाद विवाद, भारतीय टीम ने ACC चेयरमैन से मेडल लेने से किया मना
Sandesh Wahak Digital Desk: दुबई में रविवार, 21 दिसंबर को खेले गए अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण समारोह को लेकर विवाद सामने आया।
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों के बड़े अंतर से हराकर पहली बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।
मैच के बाद आयोजित प्रेजेंटेशन सेरेमनी में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने विजेता पाकिस्तान टीम को ट्रॉफी सौंपी और खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए।
इस दौरान पाकिस्तान कप्तान फरहान यूसुफ ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी ग्रहण की और टीम के साथ फोटो भी खिंचवाई।
हालांकि, उपविजेता भारतीय टीम के खिलाड़ी पुरस्कार वितरण के दौरान पोडियम पर नहीं पहुंचे। भारतीय खिलाड़ियों को बाद में एक अन्य अधिकारी द्वारा मेडल प्रदान किए गए।

भारतीय टीम द्वारा मोहसिन नकवी से मेडल न लेने को लेकर खेल जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि भारतीय टीम का यह रुख इससे पहले 2025 सीनियर एशिया कप के दौरान भी देखने को मिला था, जब भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों और ACC चेयरमैन के साथ औपचारिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखी थी।
पाकिस्तान का ऐतिहासिक खिताब
यह पाकिस्तान का पिछले 36 वर्षों में पहला अंडर-19 एशिया कप खिताब है। इससे पहले वह दो बार उपविजेता रहा था। फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 347 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 156 रनों पर सिमट गई।
पाकिस्तान की इस जीत को देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है, जबकि पुरस्कार वितरण को लेकर उठा यह मामला क्रिकेट कूटनीति में एक नई बहस का विषय बन गया है।

