‘लव जिहाद करने वालों को मिट्टी में मिला देंगे’, KGMU डॉक्टर मामले पर अपर्णा यादव का कड़ा प्रहार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने ‘लव जिहाद’ के मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के एक डॉक्टर पर लगे धर्म परिवर्तन के आरोपों के बाद, अपर्णा यादव ने स्पष्ट किया कि बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
केजीएमयू डॉक्टर पर गंभीर आरोप
अपर्णा यादव ने बताया कि केजीएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर रमीज मलिक के विरुद्ध एक हिंदू महिला ने राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर मलिक ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
मामले के मुख्य बिंदु
जांच में सामने आया है कि डॉ. रमीज मलिक पहले भी एक हिंदू महिला से विवाह कर चुका है और उसका भी धर्म परिवर्तन कराया गया था। अपर्णा यादव ने कहा कि इसमें जो भी अन्य लोग शामिल हैं, उन्हें भी चिन्हित कर कठोर सजा दी जाएगी। उपाध्यक्ष ने कहा यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में है और मैंने स्वयं उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया है।
“हिंदू महिलाओं के साथ यह एक खतरनाक खेल”
आयोग की उपाध्यक्ष ने कड़े शब्दों में कहा कि लव जिहाद जैसी घटनाएं देश और समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने पीड़िता को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा लव जिहाद करने वालों को हम मिट्टी में मिला देंगे। एफआईआर दर्ज कराकर आरोपी डॉक्टर और उसके मददगारों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। राज्य महिला आयोग हर कदम पर पीड़िता के साथ खड़ा है।
आगामी कार्रवाई
अपर्णा यादव के अनुसार, केजीएमयू के प्रॉक्टर को भी इस मामले की लिखित शिकायत दी गई है ताकि संस्थान स्तर पर भी दंडात्मक कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन को त्वरित एफआईआर और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: Lucknow News: फरियादियों के लिए करें रैन बसेरों में रुकने की व्यवस्था- CM योगी

