रॉबर्ट वाड्रा का बड़ा बयान, देश चाहता है कि प्रियंका संभालें नेतृत्व

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजनीति में एक बार फिर गांधी-वाड्रा परिवार चर्चा के केंद्र में है। एक तरफ जहां कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से कर सियासी हलचल तेज कर दी, वहीं अब प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा ने भी उनकी ‘डिमांड’ को लेकर बड़ा दावा किया है।

पूरे देश में है प्रियंका की मांग

रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पूरे देश से यह आवाज उठ रही है कि प्रियंका गांधी सामने आएं और पार्टी का नेतृत्व करें। उन्होंने खुद के राजनीति में आने की चर्चाओं पर भी चुप्पी तोड़ते हुए कहा, मांग तो यह भी हो रही है कि मैं राजनीति में आऊं, लेकिन ये बातें बाद की हैं। सबसे पहले हमें यह देखना चाहिए कि देश के हित में क्या है।

वाड्रा ने राजनीति में बंटवारे की कोशिशों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उनका यकीन हिंदू-मुस्लिम भाईचारे में है। उन्होंने सलाह दी कि नेताओं को प्रदूषण, शिक्षा और बेरोजगारी जैसे गंभीर मसलों पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के प्रदूषण का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक अपने घर की समस्याएं हल न हों, तब तक बाहरी देशों के मुद्दों पर ज्यादा उलझना ठीक नहीं है।

बांग्लादेश मुद्दे पर अलग राय

जब उनसे बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हमारा प्राथमिक फोकस अपने देश की समस्याओं पर होना चाहिए। उनके मुताबिक, प्रदूषण अब लिमिट पार कर चुका है, पहले हमें अपने देश की बात करनी चाहिए, फिर बांग्लादेश या किसी और देश की। गौरतलब है कि इससे पहले इमरान मसूद ने कहा था कि अगर इंदिरा गांधी जैसा नेतृत्व हो, तो बांग्लादेश जैसे मुल्कों को करारा जवाब दिया जा सकता है।

भाजपा का तंज, जीजाजी ने राहुल गांधी को चुनौती दी

रॉबर्ट वाड्रा के इस बयान पर भाजपा ने तुरंत पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा कि रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी अब खुलकर राहुल गांधी के नेतृत्व के प्रति अपनी असहमति जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने वाड्रा को जीजाजी कहकर संबोधित करते हुए कहा कि परिवार के भीतर ही नेतृत्व को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।

Also Read: अमेठी सांसद के.एल. शर्मा का बड़ा दावा, बोले- निष्पक्ष चुनाव हुए तो पंचायत में सबसे आगे होगी कांग्रेस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.