राष्ट्रपति ने वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा, महज 14 की उम्र में रचा इतिहास

Sandesh Wahak Digital Desk: क्रिकेट की पिच पर अपनी बल्लेबाजी से दुनिया भर के दिग्गजों को हैरान करने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अब एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। शुक्रवार, 26 दिसंबर को राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वैभव को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया।

दिलचस्प बात यह है कि जिस वक्त नई दिल्ली में वैभव का सम्मान हो रहा था, उसी समय उनकी टीम (बिहार) विजय हजारे ट्रॉफी में अपना दूसरा मैच खेल रही थी। लेकिन वैभव के लिए यह पल ऐतिहासिक था। नारंगी ब्लेजर और सफेद कुर्ता-पायजामा पहने वैभव जब मंच पर पहुंचे, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। राष्ट्रपति ने न केवल उन्हें मेडल पहनाया, बल्कि इस छोटे से खिलाड़ी की बड़ी उपलब्धियों की सराहना भी की।

क्यों मिला यह सम्मान

सिर्फ 14 साल की उम्र में वैभव ने वो कर दिखाया है जो बड़े-बड़े क्रिकेटर्स का सपना होता है। वैभव आईपीएल इतिहास की नीलामी में बिकने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने हैं। अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनकर उन्होंने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। वह समस्तीपुर के एक छोटे से गांव से निकलकर भारतीय क्रिकेट के भविष्य के रूप में अपनी पहचान बनाई।

भाई ने साझा किया गर्व का पल

वैभव की इस सफलता पर उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी अपनी खुशी नहीं रोक पाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर वैभव और राष्ट्रपति की फोटो शेयर करते हुए लिखा, यह हमारे लिए बहुत गर्व का पल है। राष्ट्रपति जी ने वैभव के खेल की तारीफ की, जो हमारे परिवार के लिए सबसे बड़ी बात है। यह पुरस्कार हर साल भारत सरकार द्वारा उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने खेल, समाज सेवा, विज्ञान, कला या बहादुरी के क्षेत्र में असाधारण काम किया हो। वैभव को खेल (क्रिकेट) श्रेणी में उनके अतुलनीय योगदान के लिए चुना गया।

Also Read: लालू परिवार ने रात के अंधेरे में खाली किया सरकारी बंगला, BJP का आरोप- क्या कोई खजाना छिपा रखा है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.