कुशीनगर: वीर बाल दिवस पर मेधावियों का सम्मान, ‘हक की बात’ में जिलाधिकारी ने दिया सफलता का मंत्र
पडरौना, कुशीनगर: साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में मनाए जाने वाले ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली से लाइव प्रसारण को सुना गया, जिसके बाद जनपद स्तर पर ‘अनन्ता’ और ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ कार्यक्रमों के जरिए प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

इतिहास के भूले हुए वीरों को मिला सम्मान
मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि वीर बाल दिवस उन वीर बालकों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्हें इतिहास में वह स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं और पायलट जैसे पदों पर आसीन होकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कन्या सुमंगला और मिशन शक्ति जैसी योजनाओं से महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में जोड़ा है।

60 महिलाएं और 60 बच्चे हुए पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 60 महिलाओं को ‘अनन्ता’ कार्यक्रम के तहत अंग वस्त्र, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, वीरता और मेधावी प्रदर्शन करने वाले 60 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और स्टेशनरी किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
DM और SP ने छात्रों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ संवाद सत्र में छात्राओं ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक से सीधे सवाल पूछे। अधिकारियों ने न केवल उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया, बल्कि उन्हें जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए करियर मार्गदर्शन भी दिया। जिलाधिकारी ने प्रोबेशन विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चन्द्र त्रिपाठी सहित बेसिक शिक्षा अधिकारी और बाल कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल
Also Read: 500 करोड़ की GST चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, UP STF ने 8 शातिरों को दबोचा

