बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोना पड़ा महंगा, दम घुटने से दादी और तीन मासूमों की मौत, 5 की हालत गंभीर

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सारण जिले में शनिवार की सुबह एक ऐसी खबर आई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भगवान बाजार थाना क्षेत्र की अंबिका भवानी कॉलोनी में अंगीठी के धुएं (कार्बन मोनोऑक्साइड) की वजह से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में एक 70 साल की बुजुर्ग महिला और तीन छोटे मासूम बच्चे शामिल हैं।

हादसा भारत मिलाप चौक के पास हुआ। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात ठंड बहुत अधिक थी, जिससे बचने के लिए परिवार के सदस्यों ने कमरे में अंगीठी जलाई और खिड़की-दरवाजे बंद कर सो गए। रात के समय अंगीठी से निकला जहरीला धुआं कमरे में भर गया और ऑक्सीजन की कमी हो गई। गहरी नींद में होने के कारण किसी को कुछ पता नहीं चला और दम घुटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

शनिवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार के अन्य सदस्यों ने शोर मचाया। दरवाजा खोलने पर अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। घर के लोग अचेत पड़े थे। आनन-फानन में सबको अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में कमलावती देवी (70), तेजांश (3), अध्या (मासूम), और मात्र 9 महीने की गुड़िया की मौत हो गई है। जबकि 5 अन्य लोग बेहोश मिले, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 3 की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

मौके पर पहुंचे भगवान बाजार थाना के अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण धुएं से दम घुटना ही लग रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने इस दुखद घटना के बाद लोगों से अपील की है कि सर्दियों में बंद कमरे में अंगीठी या हीटर का इस्तेमाल करते समय वेंटिलेशन (हवा आने-जाने का रास्ता) जरूर रखें, क्योंकि यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Also Read: Haryana: नशे में धुत पुलिसकर्मी का कहर, बाजार में खड़ी गाड़ियों को कुचला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.