Siddharthnagar News: सूखी नहरें देख भड़के जिलाधिकारी, बोले- किसानों को पानी नहीं मिला तो खैर नहीं

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में रबी की फसलों की बुवाई और सिंचाई का सीजन अपने चरम पर है, लेकिन कई इलाकों में नहरें सूखी पड़ी हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को नगर पंचायत बर्डपुर, चैनपुर और नोनहवा नहरों का औचक निरीक्षण किया। नहरों में पानी न देख जिलाधिकारी ने मौके पर ही नाराजगी जताई और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की क्लास लगा दी।

निरीक्षण के दौरान राप्ती नहर खंड के अधिशाषी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि भिनगा राप्ती बैराज से पानी बाणगंगा बैराज होते हुए शोहरतगढ़ पहुंचता है। यहीं से 62 किलोमीटर लंबी कैंपियरगंज शाखा निकलती है। अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि नहर के रास्ते में कई जगहों पर (जैसे किमी 2.068 और 10 पर) सायफन और विंग वाल का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी वजह से पानी रोकना पड़ा। हालांकि, जिलाधिकारी की सख्ती के बाद अभियंता ने भरोसा दिलाया कि अगले 2 दिनों के भीतर नहर में पानी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसानों के लिए अपना CUG नंबर (9454417530) सार्वजनिक करते हुए कहा, अगर जिले की किसी भी नहर में पानी नहीं आ रहा है, तो किसान सीधे मेरे नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। किसानों को परेशानी हुई, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले बचेंगे नहीं।

Siddharthnagar DM Shivasharanappa GN

अधिकारियों को अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज खंड के जेई राजू लोचन वर्मा, अमरेश पांडे और मनीष कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने साफ कर दिया है कि रबी की फसल के लिए सिंचाई का यह समय बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए नहरें लबालब भरी होनी चाहिए।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: पूर्व CSK स्टार बल्लेबाज ने रचा इतिहास, लगातार 5 शतकों के साथ की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.