बरेली में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर, 30 दिसंबर तक 8वीं तक के स्कूल बंद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी (DM) अविनाश सिंह के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. विनीता ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 29 और 30 दिसंबर का अवकाश घोषित कर दिया है।
कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रहेंगे। बच्चों के लिए अवकाश रहेगा, लेकिन शिक्षकों को यू-डायस, अपार आईडी और अन्य विभागीय कार्यों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहना होगा।
शनिवार को बरेली में ‘शीत दिवस’ (Cold Day) जैसे हालात रहे। सुबह के समय दृश्यता (Visibility) बेहद कम रही और ठंडी हवाओं के कारण गलन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ और उसके बाद के तीन दिनों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री था, वहीं शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रशासन ने अभिभावकों और बच्चों को ठंड से बचाव की सलाह दी है।
Also Read: Siddharthnagar News: सूखी नहरें देख भड़के जिलाधिकारी, बोले- किसानों को पानी नहीं मिला तो खैर नहीं

