पुलिस मंथन में बोले सीएम योगी- सुरक्षा की भावना ने ही यूपी में खींचा निवेश और विकास का पहिया

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पुलिस मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय पुलिस मंथन सम्मेलन के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की और पुलिस बल की कार्यप्रणाली की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश को लेकर दुनिया का नजरिया बदला है। उन्होंने कहा, आज दूसरे राज्यों में हमारे कानून-व्यवस्था मॉडल को एक मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है। यहां तक कि अन्य राज्यों का मीडिया भी अब ‘यूपी मॉडल’ की चर्चा करता है। हमने यह साबित कर दिया है कि संकल्प शक्ति हो तो सुरक्षा का माहौल कैसे बदला जा सकता है।

विकास के लिए सुरक्षा पहली शर्त

एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और रेल नेटवर्क के बढ़ते जाल का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे का जो विकास दिख रहा है, उसके पीछे मजबूत सुरक्षा व्यवस्था है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सुरक्षा की गारंटी नहीं होती, तो निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर रुख नहीं करते।

सीएम योगी ने पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए कुछ अहम सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के दौर में भी ह्यूमन इंटेलिजेंस यानी मानवीय बुद्धिमत्ता हमारा सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस को आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद बनाना चाहिए ताकि जनता के बीच पुलिस का एक मित्रवत चेहरा सामने आए। मुख्यमंत्री ने दो दिनों तक चले सम्मेलन के अनुशासन की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी पुलिस समय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Also Read: Varanasi News: सड़कों पर दिखा आक्रोश, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में फूंका पुतला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.