यूपी में शीतलहर का कहर: सीएम योगी का बड़ा फैसला, 12वीं तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी स्कूलों को बंद करने का कड़ा निर्देश जारी किया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अब 12वीं कक्षा तक के सभी बोर्ड (UP Board, CBSE, ICSE) के स्कूल 1 जनवरी तक बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री के आदेशानुसार 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक सभी परिषदीय, प्राथमिक, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। परिषदीय विद्यालयों (कक्षा 1 से 8) में शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक 15 दिनों का शीतकालीन अवकाश निर्धारित है। इस लिहाज से इन स्कूलों में अब 15 जनवरी से ही पढ़ाई शुरू होने की संभावना है।

सीएम ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे क्षेत्रों में भ्रमण कर सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने रैन बसेरों को साफ-सुथरा रखने और वहां बिछौने व कंबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

मकर संक्रांति तक रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विशेषज्ञों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मकर संक्रांति (14-15 जनवरी) के बाद सूर्य के उत्तरायण होने से ठंड में धीरे-धीरे कमी आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 14 जनवरी तक की छुट्टियों की तैयारी की गई है।

Also Read: 65 की उम्र में 8 सेकंड में जड़े 100 पंच, लखनऊ के प्रकाश चंद्र ने बनाया चौथा विश्व रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.