वृंदावन: नए साल पर बांके बिहारी दर्शन के लिए प्रशासन की सख्त एडवाइजरी, 5 जनवरी तक यात्रा टालने की सलाह

Sandesh Wahak Digital Desk: नववर्ष 2026 के स्वागत के लिए वृंदावन में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने व्यापक गाइडलाइंस जारी की हैं। सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

प्रमुख दिशा-निर्देश और अपील

मंदिर प्रशासन ने बाहरी दर्शनार्थियों से अनुरोध किया है कि वे अत्यधिक भीड़ के कारण इस अवधि में अपनी यात्रा टाल दें या पूरी तैयारी के साथ ही आएं। वृद्धों, छोटे बच्चों, दिव्यांगों और हृदय या श्वास रोगियों को भीड़ के दबाव से बचाने के लिए इस दौरान मंदिर न आने की सलाह दी गई है।

श्रद्धालु अपने साथ कीमती सामान या बड़े बैग न लाएं। जूते-चप्पल मुख्य मार्गों पर बने निर्धारित स्टैंड पर ही उतारें। जेबकतरों और मोबाइल चोरों से सावधान रहें।

बच्चों और बुजुर्गों की जेब में उनके घर का पता और फोन नंबर वाली पर्ची जरूर रखें। यदि कोई बिछड़ जाता है या सामान खोता है, तो गेट नंबर 2 स्थित ‘खोया-पाया केंद्र’ पर संपर्क करें। दर्शनार्थी खाली पेट न आएं और अपनी नियमित दवाइयां साथ रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।

Also Read: कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा होगी अभेद्य, विशेष सुरक्षा बल के लिए 3 एकड़ भूमि की तलाश शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.