‘20 हजार में बिहार से लाओ लड़की और करो शादी’, उत्तराखंड की मंत्री के पति के विवादित बोल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू एक बेहद शर्मनाक बयान के कारण विवादों में घिर गए हैं। अल्मोड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए बिहार की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में गिरधारी लाल साहू यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि “अगर आपकी शादी नहीं हो पा रही है तो क्या बुढ़ापे में करोगे? मेरे साथ आइए, हम आपके लिए बिहार से लड़की लाएंगे। वहां 20,000 से 25,000 रुपये में लड़की मिल जाएगी और हम आपकी शादी करा देंगे।”
इस बयान के बाद चौतरफा घिरे साहू ने सफाई देते हुए कहा कि उनके शब्दों को ‘तोड़-मरोड़ कर’ पेश किया गया है और वे केवल एक मित्र की शादी का जिक्र कर रहे थे। हालांकि, मामला बढ़ने पर उन्होंने हाथ जोड़कर माफी भी मांग ली है।
विपक्ष का तीखा प्रहार
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की मानसिकता बिहार और महिलाओं के प्रति हमेशा से ‘जहरीली’ रही है। उन्होंने इसे बिहार की बेटियों का अपमान बताया।
उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और महिला मोर्चा की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने इसे मानव तस्करी (Human Trafficking) को बढ़ावा देने वाला बयान बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस मंत्री की जिम्मेदारी महिला कल्याण की है, उनके पति महिलाओं की गरिमा पर ऐसा हमला कैसे कर सकते हैं?
भाजपा और महिला आयोग का रुख
उत्तराखंड भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। हालांकि, पार्टी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि गिरधारी लाल साहू का भाजपा से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने इस बयान को ‘मानसिक दिवालियापन’ करार दिया है और साहू को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है।
Also Read: यूपी स्कूल कैलेंडर 2026: बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी की छुट्टियों की लिस्ट

