कुशीनगर हत्याकांड: निशांत सिंह के परिजनों से मिले सांसद विजय दुबे; बोले- बख्शे नहीं जाएंगे दोषी

पडरौना (कुशीनगर): कसया थाना क्षेत्र के नैका छपरा (अमरपुर टोला) में युवा निशांत सिंह की चाकू मारकर की गई निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में भारी तनाव और शोक का माहौल है। शनिवार को सांसद विजय कुमार दुबे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सांसद का सख्त रुख: अपराधियों को नहीं बख्शेंगे

सांसद विजय कुमार दुबे ने इस घटना को समाज और कानून-व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती करार दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सीओ (CO) कसया और थानाध्यक्ष से घटना की प्रगति रिपोर्ट मांगी। इसके साथ ही पुलिस को घटना की निष्पक्ष और गहन जांच कर सभी दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने को कहा।

उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाए जिससे अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो और भविष्य में ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति न हो। सांसद ने कहा कि कुशीनगर की शांति और सौहार्द से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने बांधा ढांढस

सांसद के साथ हाटा विधायक मोहन वर्मा और पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने पीड़ित परिवार से भेंट की। सभी ने पीड़ित पिता और परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि न्याय की इस लड़ाई में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

इस दौरान हाटा प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, राकेश जायसवाल और अन्य स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: ‘20 हजार में बिहार से लाओ लड़की और करो शादी’, उत्तराखंड की मंत्री के पति के विवादित बोल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.