यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सुल्तानपुर मुठभेड़ में लखीमपुर का इनामी बदमाश ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सोमवार तड़के एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ में लखीमपुर खीरी का एक शातिर और इनामी बदमाश मारा गया है। पुलिस लंबे समय से इस अपराधी की तलाश में जुटी थी।
कैसे हुई मुठभेड़?
यह मुठभेड़ सुल्तानपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दियरा मोड़ के पास हुई। एसटीएफ और पुलिस की टीम इलाके में सक्रिय थी, तभी बदमाश से उनका सामना हो गया। खुद को घिरा देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लंभुआ ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कौन था अपराधी?
- नाम: तालिब उर्फ आजम खान (उम्र 26 वर्ष)
- निवासी: गौरिया, थाना फरधान, जिला लखीमपुर खीरी
- आपराधिक रिकॉर्ड: तालिब पर लखीमपुर खीरी में कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे और वह पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल एक ‘इनामिया’ अपराधी था।
पुलिस प्रशासन अब तालिब के पूरे आपराधिक इतिहास और उसके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की छानबीन कर रहा है।
Also Read: बलरामपुर: पूर्व सांसद रिजवान जहीर को बड़ी राहत, फर्जी जमानतदार मामले में कोर्ट ने मंजूर की बेल

