आंध्र प्रदेश में ONGC की गैस पाइपलाइन फटी, दहशत में खाली कराए गए तीन गांव

Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनासीमा जिले में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजोलु टाउन के पास इरुसुमांडा और मलिकिपुरम मंडल में ओएनजीसी की गैस पाइपलाइन से भारी रिसाव शुरू हो गया। गैस के रिसाव के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में आग लग गई, जिसके बाद प्रशासन ने आनन-फानन में रिहाइशी इलाकों को खाली कराने का आदेश जारी कर दिया है।

आग का तांडव और ग्रामीणों की दहशत

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गैस लीक होने के बाद तेज आवाज के साथ आग लग गई। आग इतनी भीषण है कि इसकी लपटें दूर-दूर से देखी जा सकती हैं। फायर ब्रिगेड के अधिकारी बालकृष्ण ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। गांव वाले इस कदर डरे हुए हैं कि लोग अपना घर-सामान छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर भाग रहे हैं।

तीन गांवों में पसरा अंधेरा

सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने आसपास के तीन गांवों की बिजली और गैस आपूर्ति तुरंत बंद कर दी है। ओएनजीसी के विशेषज्ञ और तकनीकी टीम मौके पर मौजूद है और रिसाव को रोकने के लिए ‘किलिंग ऑपरेशन’ (लीक बंद करने की प्रक्रिया) शुरू कर दी गई है।

प्रशासन और ONGC का संयुक्त ऑपरेशन

फिलहाल पुलिस ने प्रभावित गांव इरुसुमंडा की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास के मंडलों में भी लोगों को आगाह किया गया है कि वे आग या बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल न करें।

ओएनजीसी के अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता पहले गैस के दबाव को कम करना और फिर रिसाव वाली जगह को पैच करना है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।

Also Read: UP पुलिस भर्ती में योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 32,679 पदों पर आयु सीमा में मिली 3 साल की छूट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.