Lucknow News: ज्वेलरी शॉप से अंगूठियां लेकर भागने वाला सुमित मिश्रा गिरफ्तार, अंगूठियां और कैश बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के थाना जानकीपुरम क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। बीती 4 जनवरी को ‘खुशी ज्वैलर्स’ की दुकान पर ग्राहक बनकर आए एक युवक ने दुकानदार की नजरें बचते ही अंगूठियों का डिब्बा पार कर दिया था। जानकीपुरम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या थी पूरी घटना?
60 फिट रोड स्थित ‘खुशी ज्वैलर्स’ के मालिक पुरुषोत्तम प्रसाद ने पुलिस को शिकायत दी थी कि एक युवक दुकान पर अंगूठियां देखने के बहाने आया था। जब पुरुषोत्तम दुकान के अंदर से कुछ और डिजाइन लेने गए, तभी वह युवक काउंटर पर रखी 19 अंगूठियां लेकर अपनी बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल धारा 305A BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
डीसीपी नॉर्थ और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बनी टीम ने घटनास्थल के आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में संदिग्ध युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। सोमवार, 5 जनवरी 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर तिवारीपुर कोटवा रोड स्थित अंकुरण किड्स स्कूल के पास से अभियुक्त सुमित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी और अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार आरोपी सुमित मिश्रा (25 वर्ष) पुत्र सुधाकर मिश्रा, कमलानगर (जानकीपुरम) का ही रहने वाला है। वह एक प्राइवेट नौकरी करता है, लेकिन जल्दी पैसे कमाने की चाहत में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- सोने की अंगूठियां: 19 अदद (पीली धातु)
- नकदी: 20,000 रुपये नगद
- वाहन: वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल
पुलिस की कार्रवाई
अभियुक्त के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि क्या सुमित का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व इंस्पेक्टर जानकीपुरम और उनकी टीम ने किया, जिसकी स्थानीय व्यापारियों ने जमकर सराहना की है।
Also Read: सिद्धार्थनगर: खाद तस्करी के खिलाफ पुलिस और SSB की कार्रवाई, 8 बोरी यूरिया बरामद, एक गिरफ्तार

