यूनिवर्सिटी में नारेबाजी पर JNU प्रशासन सख्त, पुलिस जांच में सहयोग के निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) प्रशासन ने 6 जनवरी 2026 को साबरमती परिसर में हुए एक प्रदर्शन से जुड़े वीडियो का गंभीर संज्ञान लिया है। इन वीडियो में जेएनएसयू से जुड़े कुछ छात्रों द्वारा आपत्तिजनक, उकसाने वाले और भड़काऊ नारे लगाए जाने की बात सामने आई है। इस नारेबाजी को लेकर अब जेएनयू प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है, जिसमें इस पूरे मामले को विश्वविद्यालय की आचार संहिता का उल्लंघन बताया गया है।

जांच में सहयोग के निर्देश

इस घटना को लेकर जेएनयू प्रशासन ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा शाखा को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के नारे लोकतांत्रिक असहमति की भावना के अनुरूप नहीं हैं और इस तरह की गतिविधियां कैंपस की मर्यादा और नियमों के खिलाफ हैं। विश्वविद्यालय ने इस मामले को गंभीर मानते हुए आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ऐसे कृत्यों से सार्वजनिक व्यवस्था, कैंपस में शांति और सौहार्द, साथ ही विश्वविद्यालय और देश की सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। बयान में यह भी कहा गया है कि इस तरह का व्यवहार संवैधानिक संस्थाओं और सभ्य लोकतांत्रिक संवाद की स्थापित मर्यादाओं के प्रति अनादर को दर्शाता है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

भाषण के फर्क को समझने की अपील

जेएनयू प्रशासन ने सभी छात्रों और कैंपस समुदाय से अपील की है कि वे असहमति, दुर्व्यवहार और घृणास्पद भाषण के बीच स्पष्ट अंतर को समझें। प्रशासन का कहना है कि घृणास्पद भाषण से सार्वजनिक अशांति फैलती है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए घातक साबित हो सकता है।

अपने बयान में प्रशासन ने सभी से अनुरोध किया है कि वे ऐसी अनुचित गतिविधियों से दूर रहें और कैंपस में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विश्वविद्यालय की आचार संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बयान सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जारी किया गया है।

 

Also Read: नेपाल के बीरगंज में मस्जिद में तोड़फोड़ के बाद हिंसक झड़प, लगा कर्फ्यू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.