लखनऊ की सड़कों पर अब नहीं चलेगा अवैध कब्जा, सामान जब्ती के साथ मिली सख्त चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में बढ़ते ट्रैफिक जाम और फुटपाथों पर अवैध कब्जों को देखते हुए नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को एक बड़ा सफाई अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के सख्त निर्देशों के बाद, निगम की टीम ने उन प्रमुख सड़कों को निशाना बनाया जहां दुकानों और ठेलों की वजह से आम जनता का पैदल चलना भी दूभर हो गया था।

इन इलाकों में हुई बड़ी कार्रवाई
जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में नगर निगम की टीम वार्ड गढ़ी पीर खां और बालागंज क्षेत्र में उतरी। कार्रवाई का दायरा खंजर वाला तकिया कब्रिस्तान से लेकर मिश्री बगिया और बालागंज चौराहे के चारों तरफ रहा। सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए 20 ठेले, 6 गुमटियां और लगभग 30 अस्थायी दुकानों को मौके से हटाया गया।
सामान भी हुआ जब्त, वसूला गया जुर्माना
कार्रवाई के दौरान टीम ने नरमी नहीं दिखाई और अतिक्रमण करने वालों का सामान भी जब्त कर लिया। जब्त किए गए सामान में लोहे और प्लास्टिक की मेजें, कुर्सियां, स्टूल, लोहे के एंगल्स, फ्लैक्स बोर्ड, लोहे के पाइप और प्लास्टिक के कैरेट शामिल हैं। टीम ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि अगर दोबारा इन जगहों पर कब्जे पाए गए, तो और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान
जोनल अधिकारी अमर जीत यादव ने साफ किया कि यह कोई एक दिन की कार्रवाई नहीं है। शहर को सुव्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक विजय शंकर, कर निरीक्षक धर्मदेव और भारी पुलिस बल मौजूद रहा ताकि किसी भी विरोध की स्थिति से निपटा जा सके।
नगर निगम ने लखनऊ के नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को घेरकर दूसरों के लिए परेशानी खड़ी न करें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
Also Read: SIR पर मचा घमासान: अखिलेश यादव का खुला पत्र जारी, पीडीए प्रहरियों को दिया खास मंत्र

