ASP अनुज चौधरी के गोरखनाथ मंदिर दर्शन पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘अब कोई बचाने नहीं आएगा’
Sandesh Wahak Digital Desk: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गोरखपुर के प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ मंदिर में एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने यूपी की सियासत में हलचल तेज कर दी है। संभल हिंसा के बाद विवादों और कानूनी कार्रवाई के घेरे में आए ASP अनुज चौधरी गुरुवार तड़के बाबा गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाते नजर आए।
सादे लिबास में बाबा के सामने ‘अर्जी’
गुरुवार सुबह जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाई और मंदिर के पट आम जनता के लिए खुले, तब सादे लिबास और काली जैकेट पहने एएसपी अनुज चौधरी मूर्ति के ठीक दाहिनी ओर हाथ जोड़कर खड़े दिखे।
वीडियो और तस्वीरों में अनुज चौधरी बेहद भावुक मुद्रा में प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। पुजारी उन्हें अक्षत और जल देते दिखे, जिसे लेकर वह काफी देर तक मन ही मन कुछ मांगते या ‘अर्जी’ लगाते दिखाई दिए।
संभल हिंसा और 12 पुलिसकर्मियों पर मुकदमा
अनुज चौधरी की यह मंदिर यात्रा ऐसे समय में हुई है जब संभल हिंसा मामले में कोर्ट के आदेश के बाद उन पर और 11 अन्य पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश हुआ है। इस कानूनी शिकंजे के बीच उनका मंदिर जाना चर्चा का विषय बन गया है।
अखिलेश यादव का तीखा हमला
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एएसपी अनुज चौधरी की इस फोटो और उन पर हुए मुकदमे की खबर को शेयर करते हुए ‘एक्स’ (Twitter) पर कड़ा प्रहार किया। अखिलेश ने लिखा “अब कोई बचाने नहीं आएगा… अब ये पक्षपाती पुलिसकर्मी अकेले में खाली बैठकर याद करेंगे।”
अखिलेश ने भाजपा की कार्यशैली पर तंज कसते हुए दो ‘फॉर्मूले’ भी बताए।
फॉर्मूला नंबर 1: पहले इस्तेमाल करो, फिर बर्बाद करो।
फॉर्मूला नंबर 2: भाजपाई किसी के सगे नहीं हैं।
क्या है विवाद की जड़?
संभल में हुई हिंसा के दौरान पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे थे। हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हुई है। अनुज चौधरी को इस मामले में मुख्य रूप से घेरा जा रहा है। अब देखना यह है कि बाबा के दरबार में लगाई गई उनकी यह ‘अर्जी’ और कानूनी लड़ाई उन्हें किस ओर ले जाती है।
Also Read: यूपी में ठंड का कहर: 5 जिलों में फिर बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां, जानिए कब खुलेंगे स्कूल

