बरेली में ‘खनन माफिया’ का पुलिस टीम पर हमला, 37 ओवरलोड ट्रक जब्त, 24 आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान खनन माफियाओं ने जांच टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। माफियाओं ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सरकारी अधिकारियों पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, बरेली पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है।

क्या है पूरा मामला? (दुस्साहस की इंतहा)

15 जनवरी को जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित एक विशेष जांच टीम बहेड़ी क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग की चेकिंग कर रही थी। जब टीम ने ट्रकों को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर और उनके साथियों ने रुकने के बजाय एक राय होकर अधिकारियों और कर्मचारियों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर-उधर कूदे, जिसमें सब-इंस्पेक्टर कृष्णपाल को चोटें आईं। आरोपी बैरिकेडिंग तोड़कर भागने में सफल रहे।

पुलिस का ‘एक्शन’: घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

घटना के बाद बरेली पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक बहेड़ी के नेतृत्व में कई टीमें बनाई गईं। पुलिस ने घेराबंदी कर कुल 37 ओवरलोड ट्रक और 3 अन्य वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने नवीन मंडी कस्बे के पास से सलमान (मुख्य आरोपी) समेत कुल 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोग बरेली के साथ-साथ पीलीभीत और शाहजहांपुर के भी रहने वाले हैं।

दर्ज हुई गंभीर धाराएं

पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें धारा 109/324(4)/121(1)/131/3(5) BNS: इनमें सरकारी कार्य में बाधा डालना, लोकसेवकों पर हमला करना और जान से मारने की नीयत से हमला करने जैसे अपराध शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से सलमान और साकिर का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

गिरफ्तार किए गए कुछ प्रमुख अभियुक्त

सलमान (भोजीपुरा, बरेली)

मो. कमर (बहेड़ी, बरेली)

करन सिंह (भोजीपुरा, बरेली)

मो. नसीम (शेरगढ़, बरेली)

अनूप गुप्ता (इज्जतनगर, बरेली)

Also Read: ASP अनुज चौधरी के गोरखनाथ मंदिर दर्शन पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘अब कोई बचाने नहीं आएगा’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.