लखनऊ के बसंत कुंज में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बसंत कुंज योजना में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्लॉक-39 की एक बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरी बिल्डिंग में धुंआ भर गया, जिससे वहां रह रहे लोगों की जान पर बन आई।
आग लगने के बाद बिल्डिंग के अंदर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। बाहर निकलने का रास्ता धुएं से भर जाने के कारण लोग दहशत में आ गए। अपनी जान बचाने की कोशिश में एक युवक ने बिल्डिंग से नीचे छलांग लगा दी। बिल्डिंग के ऊपरी हिस्सों में फंसे अन्य लोग खिड़कियों से मदद के लिए चीखते-चिल्लाते नजर आए। इस मंजर को देखकर आसपास के लोग भी सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के काम में जुट गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसकी शुरुआती वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read: बरेली में ‘खनन माफिया’ का पुलिस टीम पर हमला, 37 ओवरलोड ट्रक जब्त, 24 आरोपी गिरफ्तार

