मशहूर गायक बी प्राक को मिली जान से मारने की धमकी, 10 करोड़ की फिरौती मांगी

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाबी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गायक बी प्राक (B Praak) को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी है और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। खास बात यह है कि यह धमकी सीधे बी प्राक को न देकर उनके करीबी दोस्त और पंजाबी गायक दिलनूर बबलू के जरिए भेजी गई है।

मोहाली के सेक्टर-99 में रहने वाले गायक दिलनूर बबलू ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि किस तरह सिलसिलेवार ढंग से उन्हें डराया गया। 5 जनवरी को दोपहर में एक विदेशी नंबर से दो मिस्ड कॉल आए। 6 जनवरी को फिर उसी नंबर से कॉल आई। जब दिलनूर ने फोन नहीं उठाया, तो उन्हें एक वॉयस मैसेज मिला। मैसेज भेजने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया। उसने साफ कहा कि बी प्राक 10 करोड़ रुपये का इंतजाम करें, इसके लिए उनके पास सिर्फ एक हफ्ते का समय है।

किसी भी देश चले जाओ, छोड़ेंगे नहीं

धमकी देने वाले ने वॉयस मैसेज में बेहद डरावनी भाषा का इस्तेमाल किया है। उसने कहा- चाहे किसी भी देश में चले जाएं, अगर हमारे हिसाब से नहीं चले तो मिट्टी में मिला देंगे। दिलनूर बबलू ने पुलिस को बताया कि वे और बी प्राक अक्सर शोज और शूटिंग के लिए देश-विदेश की यात्रा करते हैं। इस धमकी के बाद से वे गहरे सदमे में हैं और उन्हें अपनी व अपने साथियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। फिलहाल वे घर से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आरजू बिश्नोई को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात सदस्य माना जाता है, जो फिलहाल विदेश में बैठकर अपनी गतिविधियां चला रहा है। दिलनूर ने पुलिस को धमकी भरे वॉयस मैसेज की रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट सौंप दिए हैं।

Also Read: ईरान से वतन लौटे भारतीयों का दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वागत, भावुक परिजन बोले- इंटरनेट बंद होने से धड़कनें बढ़ गई थीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.