Raebareli News: एनकाउंटर में पेशी के दौरान फरार हुआ 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Raebareli News: रायबरेली पुलिस को शुक्रवार रात एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मटिहा इलाके में हुई एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शातिर अपराधी और 25 हजार रुपये के इनामी नाहर नट उर्फ राहुल नट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीते 13 नवंबर, 2025 को नाहर नट को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था, जहाँ वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। सिपाही की कस्टडी से भागने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश में एसओजी (SOG), सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की कई टीमें दिन-रात खाक छान रही थीं। शुक्रवार रात पुलिस को सटीक सूचना मिली कि नाहर नट मटिहा इलाके के पास छिपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने जब उसे चारों तरफ से घेरा और सरेंडर करने को कहा, तो बदमाश ने खुद को फंसता देख पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली नाहर नट के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि नाहर नट कोई मामूली अपराधी नहीं है। उस पर जिले के अलग-अलग थानों में 23 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी और डकैती जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
Also Read: ‘सांप्रदायिक राजनीति करती है BJP’, अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला

