यूपी पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: बदायूं में 1.5 करोड़ का सोना बरामद, झांसी में दबोचा गया लुटेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस ने पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपराधियों के खिलाफ बड़े अभियान चलाकर करोड़ों की बरामदगी की है। झांसी, बदायूं, संतकबीरनगर और बलिया में जहां शातिर अपराधी दबोचे गए, वहीं कुशीनगर और अमरोहा की अदालतों ने पुलिस की मजबूत पैरवी के बाद जघन्य अपराधियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
बदायूं: महाराष्ट्र की चोरी और यूपी में बरामदगी
बदायूं पुलिस और महाराष्ट्र की सांगली पुलिस ने एक साझा ऑपरेशन में राहुल नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1 किलो 168 ग्राम सोने के बिस्किट बरामद हुए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है। यह सोना महाराष्ट्र के सांगली जिले से चोरी किया गया था।
झांसी: हफ्ते भर के अंदर सुलझी लूट की गुत्थी
झांसी की चिरगांव पुलिस ने 12 जनवरी को हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए विकास नाम के बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से लूट के ₹2 लाख नकद बरामद किए हैं। आरोपी रक्सा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
संतकबीरनगर: 5 शातिर चोर गिरफ्तार, ₹30 लाख के जेवर बरामद
बखिरा पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मिलकर एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बलजीत, प्रिंस, महेंद्र, रवि और फारूक को गिरफ्तार कर उनके पास से ₹30 लाख के सोने के जेवर और ₹75 हजार नकद बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी बलजीत और प्रिंस शातिर अपराधी हैं, जिन पर गोरखपुर और बस्ती में कई मुकदमे दर्ज हैं।
बलिया: ₹75 लाख की अवैध शराब जब्त
बलिया की नरही पुलिस ने सोहांव पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर राजस्थान के एक तस्कर अचलाराम को गिरफ्तार किया है। उसके ट्रक से 9086 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब ₹75 लाख आंकी गई है। यह शराब तस्करी कर ले जाई जा रही थी।
दो जिलों में दोषियों को उम्रकैद
पुलिस की प्रभावी पैरवी के कारण अदालतों ने कड़ा संदेश देते हुए ऐतिहासिक फैसले सुनाए हैं।
कुशीनगर: थाना खड्डा क्षेत्र के दुष्कर्म मामले में वीरेंद्र और मुकेश को माननीय न्यायालय ने आजीवन कारावास और 60-60 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
अमरोहा: रजबपुर थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी कृष्ण को अदालत ने आजीवन कारावास और 40 हजार रुपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया।
Also Read: नोएडा इंजीनियर मौत मामला: CM योगी का बड़ा एक्शन, SIT गठित कर 5 दिनों में मांगी रिपोर्ट

