कल से शुरू होगी JEE Main की परीक्षा, NTA ने जारी किए जरूरी निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: JEE Main 2026 में शामिल होने जा रहे लाखों छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने ड्रेस कोड और परीक्षा से जुड़े अहम दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों का पालन न करने पर एग्जाम सेंटर पर अतिरिक्त जांच, देरी या असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के दिन सामान्य और हल्के कपड़े पहनें और सभी गाइडलाइंस को गंभीरता से लें।

कब होगी JEE Main सेशन 1 की परीक्षा?

JEE Main 2026 सेशन 1 की परीक्षा 21 जनवरी से 29 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा का एडमिट कार्ड 17 जनवरी 2026 को जारी कर दिया गया है। एडमिट कार्ड में एग्जाम सेंटर, परीक्षा की टाइमिंग और सभी जरूरी निर्देश साफ तौर पर दिए गए हैं, जिन्हें परीक्षा से पहले ध्यान से पढ़ना जरूरी है।

ड्रेस कोड का मुख्य उद्देश्य एग्जाम सेंटर पर सुरक्षा जांच को आसान बनाना और नकल जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना है। भारी कपड़े, मेटल से बनी वस्तुएं या मोटे जूते पहनने पर अतिरिक्त तलाशी ली जाती है। इससे छात्रों को बिना वजह तनाव हो सकता है और परीक्षा में देरी भी हो सकती है। इसलिए पहले से सही ड्रेस का चयन करना बेहद जरूरी है।

पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए क्या पहनना सही?

JEE Main 2026 में शामिल होने वाले पुरुष उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। कपड़ों में बड़े बटन या मेटल का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। एग्जाम सेंटर पर किसी भी तरह के गहने, अंगूठी, ब्रेसलेट, चेन या अन्य आभूषण पहनना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा टोपी, मफलर या सिर ढकने वाला कोई भी कपड़ा पहनने की अनुमति नहीं है। मोटे तले वाले जूते, भारी मेटल बेल्ट, गॉगल्स, कंगन और अन्य एक्सेसरीज़ से भी बचना चाहिए ताकि सुरक्षा जांच में परेशानी न हो।

महिला उम्मीदवारों को भी परीक्षा के दिन ड्रेस कोड का खास ध्यान रखना होगा। परीक्षा के दौरान दुपट्टा, स्टोल या स्कार्फ पहनने की अनुमति नहीं है। किसी भी तरह के गहने या मेटल से बनी वस्तुएं नहीं पहननी चाहिए। कपड़ों में बड़े बटन या धातु का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। महिला उम्मीदवार हल्के और आरामदायक कपड़े पहन सकती हैं। मौसम को देखते हुए जींस पहनना मान्य है, लेकिन गॉगल्स, अंगूठी और ब्रेसलेट जैसी एक्सेसरीज़ पहनकर एग्जाम सेंटर न जाएं।

एग्जाम के दिन किन बातों का रखें खास ध्यान

NTA ने परीक्षा के दिन के लिए भी जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे एग्जाम सेंटर एक दिन पहले जाकर देख लें, जिससे रास्ते और समय का सही अंदाजा हो सके। परीक्षा वाले दिन कम से कम एक घंटे पहले एग्जाम सेंटर पहुंचना जरूरी है ताकि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें।

छात्रों को अपने साथ JEE Main 2026 का एडमिट कार्ड, एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, किताबें या कोई भी प्रतिबंधित सामग्री एग्जाम सेंटर में ले जाना सख्त मना है। परीक्षा के दौरान और टॉयलेट ब्रेक के बाद भी फ्रिस्किंग की जा सकती है। इसलिए सभी नियमों का पालन करें और बिना तनाव के परीक्षा दें।

 

 

Also Read: मदरसा सीलिंग पर हाईकोर्ट के फैसले का मायावती ने किया स्वागत, बोलीं- अफसरों की मनमानी के कारण हो रही ऐसी घटनाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.