पंजाब में सरहिंद के पास मालगाड़ी के गुजरते ही उड़ी पटरी, लोको पायलट घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के सरहिंद क्षेत्र में शनिवार रात करीब 11 बजे फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन पर एक संदिग्ध ब्लास्ट हुआ। यह धमाका उस वक्त हुआ जब एक मालगाड़ी इस ट्रैक से गुजर रही थी। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि रेलवे लाइन का करीब 12 फीट का हिस्सा उड़ गया और मालगाड़ी के इंजन को भी नुकसान पहुंचा है। इस हादसे में ट्रेन के लोको पायलट (ड्राइवर) घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह नई रेलवे लाइन खास तौर पर मालगाड़ियों के लिए तैयार की गई है। जैसे ही मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटकों के पास पहुंचा, तभी अचानक धमाका हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके की वजह से ट्रैक का एक बड़ा हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा, जिससे परिचालन बाधित हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की स्पेशल टीमें और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंच गए। रोपड़ रेंज के डीआईजी (DIG) नानक सिंह ने स्थिति का जायजा लिया। डीआईजी नानक सिंह ने फिलहाल इसे किसी आतंकी हमला कहने से इनकार किया है। उन्होंने कहा, इसे अभी आतंकवादी कृत्य कहना जल्दबाजी होगी। शुरुआती तौर पर यह किसी की शरारत लगती है, लेकिन हम हर पहलू से इसकी जांच कर रहे हैं।
मौके पर स्पेशल टीमें साइंटिफिक तरीके से सबूत जुटा रही हैं। डीआईजी ने भरोसा दिलाया कि जो भी इसके पीछे है, उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, ट्रैक को छोड़कर किसी बड़ी संपत्ति या जनहानि की खबर नहीं है।

