महाराष्ट्र में शोक की लहर: बारामती विमान हादसे में अजित पवार का निधन, 6 मौतों की पुष्टि

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजनीति से आज एक अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। राज्य के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजित पवार का बारामती में एक विमान हादसे में निधन हो गया है। यह हादसा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब उनका विमान लैंड करने वाला था।

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि विमान में सवार अजित पवार समेत सभी 6 लोगों की इस दर्दनाक हादसे में जान चली गई है।

मातम में बदला ‘दादा’ का चुनावी दौरा

अजित पवार आज अपने गढ़ बारामती के चुनावी दौरे पर थे। उन्हें जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के प्रचार के लिए कई जनसभाओं को संबोधित करना था। सुबह 10 बजे निरावागज से उनके दौरों की शुरुआत होनी थी, जिसके बाद पंढरे, करंजेपुल और शाम को सुपा में उनकी बड़ी जनसभाएं प्रस्तावित थीं। लैंडिंग के वक्त विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान से धुएं का भारी गुबार उठा और देखते ही देखते सब कुछ तहस-नहस हो गया।

बारामती में चीख-पुकार, रो पड़ा महाराष्ट्र

हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए। अपने प्रिय ‘अजित दादा’ को खोने की खबर ने प्रशंसकों और कार्यकर्ताओं को झकझोर कर रख दिया है। मौके पर चारों तरफ चीख-पुकार और सिसकियों का माहौल है। प्रशासन और राहत टीमें मलबे से शवों को निकालने की प्रक्रिया में जुटी हैं।

अजित अनंतराव पवार महाराष्ट्र की राजनीति के एक ‘पावरफुल’ स्तंभ थे। दिग्गज नेता शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने अपनी एक स्वतंत्र और तेज-तर्रार पहचान बनाई थी। वे कई बार राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे और जल संसाधन व ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों को अपनी कुशल कार्यशैली से संभाला।

‘अजित दादा’ के नाम से मशहूर, वे अपने स्पष्ट बोलने के अंदाज और जमीनी पकड़ के लिए जाने जाते थे। उनके निधन को महाराष्ट्र की राजनीति में एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Also Read: बारामती में अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त, लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा, विमान जलकर राख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.