सीएम योगी की दो टूक, UP में अब चाइनीज मांझे से मौत पर दर्ज होगा हत्या का केस
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाले दर्दनाक हादसों पर लगाम लगाने के लिए योगी सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब प्रदेश में चाइनीज मांझे के कारण होने वाली किसी भी मौत को सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या (मर्डर) माना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
हाल ही में हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है, तो यह चोरी-छिपे बाजार में उपलब्ध कैसे हो रहा है? पुलिस और प्रशासन को पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर अवैध भंडारण, सप्लाई और बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर छापेमारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने पुलिस प्रमुखों को स्पष्ट कहा है कि इस अवैध कारोबार की पूरी सप्लाई चेन की पहचान की जाए और इसके मुख्य सरगनाओं पर ऐसी कार्रवाई हो जो नजीर बने।
लखनऊ की घटना ने दहला दिया दिल
सरकार की यह सख्ती 4 फरवरी को लखनऊ में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना के बाद और बढ़ गई है। राजधानी में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। मांझा इतना धारदार था कि उनकी गर्दन गहराई तक कट गई। वह सड़क पर गिरकर 10 मिनट तक तड़पते रहे और अंततः इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था।
सिर्फ कानूनी कार्रवाई ही नहीं, सरकार ने अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने का भी जिम्मा सौंपा है। लोगों को समझाया जाएगा कि मनोरंजन के लिए इस्तेमाल होने वाला यह धागा किसी के गले का फांस बन सकता है। सरकार ने सुरक्षित विकल्पों और सूती मांझे को बढ़ावा देने की अपील की है।
Also Read: मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, एक ही मुकाबले में तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड चकनाचूर

