Badaun News: रुपयों के लिए पति ने दोस्तों को सौंपी पत्नी, जंगल में ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने समाज और रिश्तों की पवित्रता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक कलयुगी पति ने कथित तौर पर सिर्फ एक हजार रुपये के लालच में अपनी पत्नी को अपने दो दोस्तों के हवाले कर दिया। दरिंदगी की इंतहा तब हुई जब उन दोस्तों ने महिला को जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी को उसका पति उसे गैस के कागजात बनवाने के बहाने घर से लेकर निकला था। रास्ते में सुरैनी पापड़ी तिराहे के पास पति के दो दोस्त, पप्पू और बालकिशन मिले। महिला का आरोप है कि वहीं पर उसके पति ने 1000 रुपये के बदले उसे अपने दोस्तों के साथ भेजने का सौदा कर लिया। पति ने चालाकी से खुद किसी काम का बहाना बनाया और पत्नी को जबरन उन दोनों की बाइक पर बैठाकर घर लौट गया।
आरोप है कि दोनों दोस्त महिला को यूकेलिप्टस की एक कटी हुई बगिया में ले गए और वहां उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। किसी तरह चंगुल से छूटकर जब महिला घर पहुँची और अपने पति से इस करतूत का जवाब माँगा, तो पति का जवाब सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पति ने कथित तौर पर बेशर्मी से कहा कि वह अब उससे पैसा कमाएगा।
जेठ के साथ थाने पहुँची पीड़िता, दो आरोपी गिरफ्तार
पति की इस भयानक सच्चाई को जानने के बाद महिला ने अपने जेठ को पूरी आपबीती सुनाई और थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सामूहिक दुष्कर्म और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी पप्पू और बालकिशन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी पति फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि जल्द ही आरोपी पति को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Also Read: जब किसी राज्य में चुनाव होते हैं तो एक पार्ट Supreme Court में भी लड़ा जाता है: SC

