UP: ट्रेन में युवती से हैवानियत करने वाला TTE निलंबित, पुलिस ने घोषित किया 10 हजार का इनाम

Sandesh Wahak Digital Desk: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में एनसीसी (NCC) कैडेट के साथ हुई शर्मनाक घटना के बाद आरोपी टीटीई राहुल कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे प्रशासन ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है, वहीं एसपी रेलवे ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उसकी तलाश तेज़ कर दी है।

नौकरी गई, अब सलाखों के पीछे जाने की बारी

आरोपी राहुल कुमार, जो मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है, घटना के बाद से ही फरार चल रहा है। रेलवे ने साफ कर दिया है कि विभाग में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और जीआरपी की कई टीमें बिहार और उत्तर प्रदेश के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

मजबूरी का फायदा उठाकर रची थी साजिश

पीड़िता (22 वर्ष), जो मऊ की रहने वाली है और गोरखपुर में रहकर सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रही है, रविवार को एनसीसी की परीक्षा देकर लौट रही थी। बलिया स्टेशन पर हड़बड़ी में वह टिकट नहीं ले पाई। आरोप है कि टीटीई ने उसे डराया और फिर मदद के बहाने फर्स्ट एसी (1st AC) के केबिन में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की कोशिश की।

हिम्मत ने बचाई जान, देवरिया में होगी आगे की जांच

युवती ने आरोपी की धमकियों के आगे झुकने के बजाय केबिन से बाहर निकलकर 112 नंबर पर फोन किया। पुलिस को सक्रिय होता देख आरोपी देवरिया स्टेशन पर ही ट्रेन से उतरकर भाग गया। युवती की तहरीर पर गोरखपुर जीआरपी ने मामला दर्ज किया था, जिसे अब घटनास्थल के आधार पर देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया है। अब पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान देवरिया में ही दर्ज किए जाएंगे।

पुलिस का बयान

एसपी रेलवे ने आश्वासन दिया है कि अपराधी चाहे कहीं भी छिपा हो, उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पीड़िता का परिवार भी मौके पर पहुँच गया है और पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दे रही है।

Also Read: यूपी बीजेपी में बड़े बदलाव की आहट, दफ्तर से हटीं मेजें, अब कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर पंकज चौधरी करेंगे बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.